जनपद उधम सिंह नगर मुख्यालय रुद्रपुर में नगर कांग्रेस कार्यलय पर कांग्रेस की उत्तराखंड सह प्रभारी व झारखंड की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने रविवार को वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ देहरादून में होने वाली कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा की तैयारियों को लेकर बैठक की। इस दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में क्षेत्र के तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के प्रभारी और झारखंड के विधायक दीपिका पांडेय का गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया। बैठक के बाद पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष के आवास पर भी कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यक्रम रखा गया जहां आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सह प्रभारी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विचार विमर्श के साथ जनपद ऊधम सिंह नगर के लिए नई रणनीति तैयार करने की बात की गई। कार्यक्रम के बाद अरुण पांडे ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी करवाई। उन्होंने कहा कि देहरादून में राहुल की जनसभा ऐतिहासिक होगी और इससे उत्तराखंड में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद भी होगा।
महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आयोजित बैठक में उत्तराखंड सह प्रभारी दीपिका ने जनसभा की तैयारियों को लेकर विस्तृत वार्ता की। कहा कि 16 दिसंबर को देहरादून में होने वाली जनसभा को सफल व ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। 15 दिसंबर को कुमाऊं मंडल से हजारों कार्यकर्ता देहरादून रवाना होंगे। इस दौरान कांग्रेस की उत्तराखंड सह प्रभारी दीपिका पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी के देहरादून दौरे से कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में देहरादून में होने वाली रैली में पहुंचने का आह्वान किया। वही बैठक में महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तिलकराज बेहड़, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सीपी शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष अरुण पांडेय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा आदि थे।