रुद्रपुर: वर्ष 2018 में कार चालक की हत्या करने और बहन की शादी के नाम पर पैरोल से फरार आतंकी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा को दिल्ली पुलिस ने जिला न्यायालय में पेश किया। जिसके बाद उसे वापस तिहाड़ जेल वापस भेज दिया गया है।जग्गा पर ऊधम सिंह नगर में हत्या सहित चार केस दर्ज है।
वहीं दिल्ली एटीएस ने उसे प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स व पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से ताल्लुक होने के आरोप में गिरफ्तार किया था।गूलरभोज निवासी जगजीत सिंह जग्गा ने वर्ष, 2018 में एक कार चालक की हत्या कर कार लूट ली थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जग्गा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद वर्ष, 2022 में जग्गा ने अपनी बहन की शादी का बहाना बनाकर न्यायालय से पैरोल ले लिया। जिसके बाद से वह फरार हो गया था। समयावधि निकलने के बाद जब जग्गा न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ तो उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई थी। जनवरी 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल एटीएस ने जगजीत सिंह उर्फ जग्गा व उसके साथी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया। उन पर प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान टाइगर फोर्स और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संपर्क से लिंक होने की पुष्टि हुई थी। इसका पता चलते ही ऊधम सिंह नगर पुलिस और खुफिया एजेंसी ने भी उससे दिल्ली पहुंचकर पूछताछ की थी। साथ ही अप्रैल माह में उसे कुछ दिनों के लिए सितारगंज जेल में शिफ्ट किया गया था, जिसके बाद उसे वापस भेज दिया गया था। इधर, गुरुवार को जग्गा पर जिले में चल रहे मुकदमों की पेशी के लिए दिल्ली पुलिस तिहाड़ जेल से रुद्रपुर स्थित न्यायालय में लाई। एसपी क्राइम मनीषा जोशी ने बताया कि आतंकी जग्गा को दिल्ली पुलिस पेशी पर लाई थी। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे वापस तिहाड़ जेल ले गई है।