ऊधम सिंह नगर जनपद के जिलामुख्यालय रुद्रपुर में संविधान दिवस पर नगर निगम में मेयर रामपाल सिंह ने पार्षदों और नगर निगम के अधिकारियों- कर्मचारियों के साथ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान के अनुरूप आचरण करने की शपथ दिलाई।
वही इस मौके पर मेयर रामपाल सिंह ने सभी को संविधान दिवस की बधाई देते हुए बाबा साहब भीमराव आम्बेडकर सहित संविधान के सभी निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी समस्त शत्तिफयों का स्रोत भी है।संविधान हमें हमारे मूल अधिकार देता है। साथ ही संविधान हमें हमारे मूल कर्तव्यों की शिक्षा भी देता है। संविधान दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि प्रत्येक नागरिक अपने मूल अधिकारों के साथ-साथ अपने मूल कर्तव्यों का भी ध्यान रखे। तभी हम महान संविधान निर्माताओं के सपनों का भारत बना पायेंगे। मेयर ने कहा कि वर्ष 1949 में आज ही के दिन औपचारिक रूप से संविधान को एक संविधान सभा के द्वारा अपनाया गया था। इसे लागू 26 जनवरी 1950 को किया गया। यह वही दिन है जब गुलामी की जंजीरों से आजाद होकर अपने स्वतंत्र अस्तित्व को आकार देने का प्रयास कर रहे राष्ट्र ने संविधान को अंगीकार किया था। इसी दिन संविधान सभा ने इसे अपनी स्वीकृति दी थी। इस वजह से इस दिन को संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है।