रुद्रपुर। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का पार्टी को कितना लाभ मिलेगा यह तो समय के गर्भ में है लेकिन कल रुद्रपुर में परिवर्तन यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एकजुटता का परिचय जरूर दिया। कल जैसे ही परिवर्तन यात्रा रुद्रपुर की तरफ बढ़ी तो जाफरपुर से ही कांग्रेसियों का काफिला बढ़ता रहा। शहर के अंबेड़कर पार्क पहुंचते-पहुंचते यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने शहर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकाली तो लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया। यात्रा की अगुवाई सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार युवकों ने की। अम्बेड़कर पार्क में महानगर कांग्रेस कमेटी ने सभी अतिथियों का बड़ी पुष्प माला से स्वागत किया। साथ ही तलवारे भी भेंट की। तो महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को गदा भेंट किया। सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा नहीं बल्कि जन सैलाब चल रहा है। जिन लोगों का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है वह भी भावनात्मक रूप से कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के साथ अपने-अपने तरीके से जुड़ रहे हैं। यह परिवर्तन यात्रा जनता के प्रबल समर्थन पर आधारित परिवर्तन यात्रा बन गई है। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है जिसकी शुरुआत कांग्रेस की ओर से आयोजित परिवर्तन यात्रा के रूप में 3 सितंबर को खटीमा से शुरू होकर सोमवार को रुद्रपुर पहुंची है। यात्रा को लेकर लोगों में जोश और जुनून है। जनता बीजेपी सरकार को उखाड़ फेंकने और बदलने के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता में महंगाई, बेरोजगारी को लेकर भारी आक्रोश है। डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैंए लोगों की आय घट रही है। जिससे लोगों में भाजपा के प्रति भारी रोष है। इसका परिणाम चुनाव में सामने आएगा। नेता प्रतिपक्ष व पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा एक झूठी पार्टी है। यह जो वादा करती है उसे कभी पूरा नहीं किया। चुनाव से पहले कहा कि कर्ज माफ किया जाएगा। कर्ज माफ करना तो दूर तीन काले कानून बना दिए। जिसके विरोध में किसान आज भी दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जनता ने अब भाजपा को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। केवल जनता को चुनाव का इंतजार है। अन्य कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने भीड़ को देख गदगद होकर कहा कि इस भीड़ जुटने का लाभ तब है जब लोग यह शपथ लें कि शहर से अगला विधायक कांग्रेस का ही होगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा, शिल्पी अरोड़ा, संदीप चीमा, मीना शर्मा, नंदलाल, जगदीश तनेजा, अरूण कुमार पाण्डेय, पुष्कर राज जैन, सुशील गाबा, हरीश पनेरू, डा. गणेश उपाध्याय, राजेश प्रताप सिंह, सुमित ह्रदेश, अनिल शर्मा, संजय जुनेजा, हरीश अरोड़ा, मोहन खेड़ा, सुमित भुल्लर, सीपी शर्मा, साहब सिंह, दिलीप अधिकारी, विकास मलिक, आनंद शर्मा, राज चक्रवर्ती आदि थे।
![](https://rudrapurpost.com/wp-content/uploads/2021/09/75080114-2576-4318-bfc7-39e2114f2a53-1024x576.jpg)
![](https://rudrapurpost.com/wp-content/uploads/2021/09/2c22dcee-5448-42f3-844a-bc49a3dcef35-1024x768.jpg)
![](https://rudrapurpost.com/wp-content/uploads/2021/09/1b363a4e-8eff-4d4a-a2f8-87ce5660046b.jpg)