रूद्रपुर। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस सदस्यता अभियान समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी ने आज जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर सदस्यता अभियान को लेकर जिम्मेवारियां सौंपी और प्रत्येक विधानसभा में बीस हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया।
तय कार्यक्रम के अनुसार आज कांग्रेस सदस्यता अभियान समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र भण्डारी जिला कांग्रेस कार्यालय में पहंुंचे। यहां पहुंचने पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में पार्टी के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। राजेन्द्र भण्डारी ने जिले भर से आये पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में जिले में सदस्यता अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि जिले 9 विधानसभाएं हैं सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर घर जाकर सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। हर विधानसभा में 20 हजार नये सदस्य बनाये जायेंगे। श्री भण्डारी ने कहा आज प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में कांग्रेस की ओर जनता का रूझान तेजी से बढ़ रहा है। पूरे प्रदेश में सदस्यता को एक अभियान के रूप में लिया जा रहा है। अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस की सदस्यता दी जाएगी। उन्होंने कहा जनता महंगाई, बेरोजगारी, और भ्रष्टाचार से त्रस्त आ चुकी है। पूरे देश की निगाहें अब कांग्रेस पर टिकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस हताशा और निराशा के वातावरण को बदलना होगा। कांग्रेस की विकास परक सोच और सुशासन के संदेश को लेकर हम जनता के बीच में जाएंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता की समस्या का समाधान करेंगे। राजेंद्र भण्डारी ने कहा कांग्रेस एक राजनीतिक दल नहीं, एक विचारधारा है, जो हर घर में विद्यमान है। देश की आजादी से लेकर देश के विकास के संघर्ष को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान पूरी निष्ठा के साथ चलाने का आह्वान किया। कहा कि जमीनी स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति को कांग्रेस की रीति और नीति से अवगत कराना होगा। आज राजनीतिक हालात पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। किसान, नौजवान और तीर्थ पुरोहित सड़क पर आ गए हैं, महंगाई चरम पर पहुंच गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस व लोकायुक्त लाने की बात करने वाली भाजपा आज मौन है। उन्होंने कहा कि इन सभी बिंदुओं को लेकर कांग्रेस आगामी चुनाव में जनता के बीच जाएगी और जनता के आशीर्वाद से जीत का परचम लहराएगी। सदस्यता अभियान समिति के प्रदेश अध्यक्ष ने सदस्यता अभियान को लेकर जिम्मेवारियां सौंपी और रशीद बुकें भी दी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम कसने में नाकाम रही है। कोविड-19 महामारी में लोगों के रोजगार छिन गए हैं। ऊपर से महंगाई ने उन्हें दो वक्त की रोटी देना भी मुश्किल कर दिया है। राज्य की बदहाली के लिए भाजपा की सरकार जिम्मेदार है। भाजपा की गलत नीतियों ने राज्य को 10 साल पीछे धकेल दिया है। चार साल में तीन तीन मुख्यमंत्री देकर भाजपा ने इस राज्य को सीएम बनाने की प्रयोगशाला बना दिया है। भाजपा के जनविरोधी फैसलों से प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा से हिसाब चुकता करेगी।
जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है और आगामी विस चुनाव में जनविरोधी नीतियों का जबाव दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियां गिनाई जायेंगी। भाजपा सरकार का पतन निश्चित है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दाम 100 रुपये के करीब पहुंच चुके है। रसोई गैस के साथ साथ खाने-पीने की चीजें आम जनता की पहुंच से दूर हो गई है। इसका बदला प्रदेश की जनता भाजपा से जरूर लेगी।
इस अवसर पर राजेन्द्र पाल सिंह, नारायण सिंह बिष्ट, अल्का पाल, हरीश पनेरू, गोपाल सिंह राणा, परिमल राय, मदन लाल खन्ना, राजू भुसरी, संदीप चीमा, प्रीत ग्रोवर, शैलेन्द्र शर्मा, इंदुमान, नासिर हुसैन, संजीव सिंह, जितेन्द्र राणा, अरूण तनेजा, हरीश चन्द काम्बोज, संदीप सहगल, रीना कपूर, मालती विश्वास,पुरूषोत्तम अरोरा, उमेश जोशी,प्रेम सिंह यादव, शराफत अली मंसूरी, नंद किशोर गंगवार, शाकिर अली, राघव सिंह, रवीश भटनागर, उमेश सिंह राठौर सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।