जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना पंतनगर पुलिस ने किसी अन्य के शैक्षिक अभिलेख के सहारे उत्तराखंड से पहले पुलिस में भर्ती होकर धोखाधड़ी करने वाले कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई। पुलिस के मुताबिक ग्राम बंडिया, तहसील खटीमा निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र महेन्द्र सिंह ने देहरादून में सर्तकता विभाग को एक शिकायती पत्र सौंपा। उसने शिकायती पत्र में कहा था कि जनपद नैनीताल के कालाढूंगी में तैनात कांस्टेबल राजीव कुमार का वास्तविक नाम सत्यपाल पुत्र शिवदान प्रसाद है। सत्यपाल वर्ष, 1990 में राजकीय इंटर कालेज सितारगंज से हाईस्कूल की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गया था। आरोप है कि सत्यपाल ने राजीव कुमार नाम से दस्तावेज तैयार करके या फिर किसी अन्य के शैक्षिक अभिलेख के सहारे उत्तराखंड बनने से पहले ही पुलिस में कांस्टेबल पद पर भर्ती होकर नौकरी कर विभाग को धोखा दिया है। शिकायतकर्ता ने राजीव कुमार (सत्यापाल) के सभी अभिलेखों की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल पंतनगर राजेंद्र सिंह ढांगी ने बताया कि उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच की। जांच के बाद पंतनगर थाना पुलिस ने कांस्टेबल राजीव कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वर्तमान में कांस्टेबल जिला नैनीताल में तैनाती बताई गई है।
Manpreet Singh
संपादक