जनपद उधम सिंह नगर के जु-जित्सू खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश के देवास शहर में आयोजित हुई राष्ट्रीय जु-जित्सू प्रतियोगिता में 37 स्वर्ण पदक, 33 रजत एवं 19 कांस्य पदक जीतकर जिले एवं उत्तराखंड राज्य का मान बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शुक्रवार को सिंह कॉलोनी चौहान आवास पर सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उत्तराखंड खेल मंत्री रेखा आर्या, मेयर रामपाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा अनिल चौहान, जिला जुजित्सू संघ ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, उपाध्यक्ष सेंसेई जॉनी हिराम तिग्गा, उत्तम दत्ता सहित सभी के द्वारा सभी खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्य राज्यों की भांति अब उत्तराखंड राज्य की खेल नीति बनने से खिलाड़ियों का मनोबल एवं उत्साह कई गुना बढ़ गया है।
Manpreet Singh
संपादक