उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए प्रदेश की धामी सरकार ने शासन-प्रशासन और पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम ही आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। सरकार ने कुमाऊं मंडल और गढ़वाल के आयुक्त बदलने के साथ ही ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी का भी ट्रांसफर किया हैं। शासन ने देर रात आईएएस अफसरों समेत कुल 35 नौकरशाहों के विभागों में फेरबदल का आदेश जारी किया।
मिली जानकारी के अनुसार ऊधम सिंह नगर की जिलाधिकारी रंजना का तबादला कर शासन में उन्हें अपर सचिव नागरिक उड्डयन पद की जिम्मेदरी सौंपी गई है। उनके पास अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद व मुख्य कार्यकारी अधिकारी उकाड़ा की भी जिम्मेदारी होगी। आईएएस रंजना की जगह युगल किशोर पंत को ऊधम सिंह नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वही कुमाऊं आयुक्त सुशील कुमार को गढ़वाल मंडल का आयुक्त व मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारधाम देवस्थानम बोर्ड बनाया गया है। सचिव रविनाथ रमन से आयुक्त गढ़वाल का दायित्व वापस ले लिया गया है। उन्हें सचिव राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल कुमाऊं मंडल आयुक्त का पद खाली हो गया है।