प्रदेश में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर कुमाऊं भर में कल मध्य रात्रि से कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इधर रोडवेज अफसरों के अनुसार मांगों को लेकर शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक सकारात्मक हल निकल सकता है। कुमाऊं भर के रोडवेज कर्मियों ने अनुबंधित बसों को राष्ट्रीयकृत मार्गों पर चलाने के विरोध में 31 जनवरी की रात से कार्य बहिष्कार कर बसों के पहिए जाम करने का ऐलान किया है। इसके लिए कर्मचारी तैयारी में भी जुटे हैं। इस बीच संयुक्त मोर्चा के कुमाऊं संयोजक एलडी पालीवाल ने बताया कि निगम में बस बेड़ा बढ़ाने, मानक से अधिक अनुबंधित बसें न चलाने जैसी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी आंदोलित हैं। इस क्रम में कल मध्य रात्रि से कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। पालीवाल ने बताया कि कुमाऊं भर के डिपो में 300 कर्मचारी तैनात रहेंगे जो निजी वाहनों का संचालन नहीं होने देंगे। आवश्यकता पड़ी तो परिजनों को भी हड़ताल में शामिल किया जाएगा। इधर रोडवेज अफसरों ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सोमवार को शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। यदि हड़ताल होती है तो मुख्यालय के निर्देश पर यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। वही रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के चलते मुख्यालय से चालक-परिचालकों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। सूत्रों के अनुसार रोडवेज मुख्यालय से इस संबंध में प्रदेश भर के डिपो एआरएम को आदेश जारी कर दिये गये हैं।
Vikas Kumar Verma
संपादक