काशीपुर। उत्तराखण्ड में आम आदमी पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। यह बात आम आदमी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बने कर्नल अजय कोठियाल ने कही। रविवार को कर्नल कोठियाल काशीपुर में आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली के निवास पर पत्रकारों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आप की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपाई बौखला गए हैं और पार्टी के नेताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं और इन दोनों पार्टियों को सबक सिखाने के लिए प्रदेश की जनता तैयार है। कहा कि जनता इन दोनों पार्टियों की नीतियों से त्रस्त है और अब परिवर्तन का मन बना चुकी है। कहा कि यह उत्तराखण्ड का दुर्भाग्य है कि आज भी यहां के युवा पलायन का दंश झेल रहे हैं। कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो सबसे पहले पलायन और अन्य प्रमुख समस्याओं का समाधान किया जायेगा। वहीं कर्नल कोठियाल के काशीपुर पहुंचने पर आप कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
