जनपद ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में बीस लाख रुपयों की नगदी व कार न मिलने पर लोभी ससुरालियों ने शादी के महज एक माह बाद नव विवाहिता को मारपीट कर घर से बेघर कर दिया। दहेज उत्पीड़न के उक्त मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए घटना की गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में शिव गौरी बिहार, ढकिया गुलाबो रोड, टांडा उज्जैन निवासी अंशिका सक्सेना पुत्री मनोज कुमार सक्सेना ने बताया कि वर्ष 2021 की 2 दिसंबर को ऑफीसर सिटी नंबर 1, ब्लॉक पी अपार्टमेंट, 6026 फ्रलोर राज नगर एक्सटेंशन गाजियाबाद निवासी मयंक सक्सेना पुत्र प्रवेश कुमार सक्सेना के साथ धूमधाम से हुई। इस दौरान कन्या पक्ष द्वारा सामर्थ्य अनुसार दान दहेज भी दिया गया लेकिन पीड़िता का आरोप है कि उसका दांपत्य जीवन अधिक दिनों तक सुखी नहीं रह सका। पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही पति मयंक सक्सेना, ससुर प्रवेश सक्सेना तथा सास बंदना सक्सेना 20 लाख रुपयों की नकदी तथा कार के लिए उसे बुरी तरह प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने जब असमर्थता जताई तो यातनाओं का दौर और भी तेज हो गया। पीड़िता को पति द्वारा जबरन शराब व सिगरेट सेवन करने के लिए मजबूर किया जाने लगा। समय-समय पर पति दहेज न मिलने के एवज में उसे तलाक देने की धमकी भी देता था। पीड़िता का आरोप है कि उसे मौत के घाट उतारने के लिए उपरोक्त तीनों आरोपियों ने आपस में हमसाज होकर पूर्व में धोखे से दवाई खिलाई। हालत गंभीर होने पर जब पीड़िता के मायके वालों को इसका पता चला तो उसके पिता तत्काल बेटी की ससुराल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों को तमाम समझाने का प्रयास किया लेकिन लोभी ससुरालिए दहेज की जिद पर अड़े रहे। इसी क्रम में दहेज के भूखे भेड़ियों ने शादी के महज एक माह बाद यानी वर्ष 2022 की 3 जनवरी को नव विवाहिता को मारपीट कर उसे घर से बेघर कर दिया।