उत्तराखंड प्रदेश में सरकारी धान क्रय केंद्रों पर सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू हो गई है। सरकार ने कॉमन धान का सरकारी समर्थन मूल्य 1940 रुपए घोषित किया है। वहीं प्रदेश के जनपद उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करते हुए धान क्रय केंद्र संचालकों को सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीद करने के कड़े निर्देश दिए है।

आपको बता दें सरकार उत्तराखंड की कुल सरकारी खरीदारी का 60 परसेंट धान ऊधम सिंह नगर जिले से खरीदती है। ऐसे में आज से धान की खरीद शुरू कर दी गई हैम। धान खरीद का जायजा लेने के लिए डीएम रंजना राजगुरु ने सीमांत क्षेत्र खटीमा मंडी समिति का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान क्रय प्रभारियों को जरूरी और कड़े दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने कहा कि मंडी में धान लेकर आए किसानों का धान हर हाल में तोला जाए, किसानों को बिचौलियों से बचाया जाए, जिससे किसानों को सरकार की ओर से कॉमन धान का 1940 रुपये और ए ग्रेड धान का 1960 रुपये सरकारी समर्थन मूल्य मिल सके। किसानों के धान को सरकारी धान क्रय केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर खरीदने की सारी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं साथ ही किसानों के धान को फड़ पर सुखाने की समुचित व्यवस्था कर दी गई है सभी धान क्रय केंद्रों पर धान सुखाने के लिए पंखे उपलब्ध करा दिए गए हैं. साथ ही नमी जांचने वाला उपकरण भी हर धान क्रय केंद्र पर है। डीएम रंजना ने कहा कि सरकार 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान को सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। हर धान क्रय केंद्र पर बैनर लगाए गए हैं, जिन पर सरकारी समर्थन मूल्य लिखा गया है। साथ ही धान बेचने में किसान को कोई परेशानी होती है तो वो बैनर पर लिखे फोन नंबर पर सूचना दे सकता है. जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।