Aug 11, 2026

ठाकुरनगर में बंगाली कल्याण समिति का बड़ा सियासी एलान: टिकट नहीं मिला तो 2027 में खुद चुनाव लड़ेगा बंगाली समाज

post-img

रुद्रपुर। बंगाली कल्याण समिति ने अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शुक्रवार को ठाकुरनगर स्थित वार्ड नंबर 10 में समिति के महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से उमाशंकर को वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया गया और संगठन का विस्तार करते हुए सभी वार्डवासियों को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बड़े-बुजुर्गों, माताओं और बहनों का आशीर्वाद लिया गया। नए वार्ड अध्यक्ष उमाशंकर ने संगठन को मजबूत करने और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह को संबोधित करते हुए अर्जुन विश्वास ने कहा कि अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने बंगाली समाज का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के रूप में किया है और इसका राजनीतिक फायदा उठाया है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि अब ऐसा नहीं चलेगा। 2027 के चुनावों को लेकर हुंकार भरते हुए अर्जुन विश्वास ने कहा, "चाहे कांग्रेस हो या बीजेपी, अगर वे बंगाली समाज को टिकट देकर प्रतिनिधित्व देंगे, तो ठीक है। अन्यथा बंगाली कल्याण समिति के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अधिकारी के नेतृत्व में पूरा संगठन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा और समाज के प्रत्याशी को विजय बनाकर विधानसभा भेजेगा। इस दौरान समाज के लोगों ने एक सुर में बंगाली कल्याण समिति को अपना पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। कार्यक्रम का समापन 'जय हिंद, जय भारत माता' के गगनभेदी नारों के साथ हुआ।