देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित 'मुख्य सेवक सदन' में पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने पुरोला के विल्ला नौगांव स्थित डांडा देवराणा में 65 गांवों के आराध्य देवता श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1.79 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में 65 गांवों की आस्था के प्रमुख केंद्र डांडा देवराणा स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 1.79 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इससे मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के साथ श्रद्धालुओं के लिए अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जा सकेगा। इस संबंध में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर उनका आभार जताया। विधायक ने कहा कि डांडा देवराणा का रुद्रेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के 65 गांवों के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। लंबे समय से मंदिर परिसर में सुविधाओं के विकास और सौंदर्यीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी। स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में आवश्यक विकास और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ मंदिर क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जा सकेगा। विधायक ने कहा कि मंदिर के विकास से स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्थानीय धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का फोकस केवल प्रमुख धामों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों और क्षेत्रों की परंपराओं से जुड़े मंदिरों, मेलों और धार्मिक स्थलों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ स्थानीय स्तर पर आस्था और परंपरा से जुड़े मंदिरों एवं मेलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समग्र और संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। धार्मिक स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को डांडा देवराणा रुद्रेश्वर महादेव मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजकीय मेले का दर्जा मिलने से सदियों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को व्यापक पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेले के राजकीय दर्जे और मंदिर के सौंदर्यीकरण से क्षेत्र की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और विरासत को संरक्षण मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिहाज से भी विकसित हो सकता है। 65 गांवों की आस्था के केंद्र रुद्रेश्वर महादेव मंदिर को 1.79 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने के बाद अब क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों के धरातल पर उतरने का इंतजार है।