देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के प्रति जागरूक करने के लिए 16 नवंबर से राज्यव्यापी वृहद प्रचार-प्रसार अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत सभी 13 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ ही मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए इसी महीने 16 नवंबर से प्रदेशव्यापी ईवीएम जागरूकता अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से इसकी रूपरेखा तैयार कर सभी 13 जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस अभियान के तहत जिला मुख्यालयों से लेकर दूरस्थ गांवों और कस्बों तक मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) शुरू किए जाएंगे। यहां पहुंचने वाले मतदाताओं को मशीनों के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी। इसके साथ ही 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल प्रदर्शन वैन (एमडीवी) भेजी जाएंगी। ये वैन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों और कस्बों तक पहुंचकर मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करेंगी। आयोग का उद्देश्य अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचना है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 13 जिलों में कुल 12,543 मतदान केंद्रों के लिए 27,700 बैलेट यूनिट, 36,553 कंट्रोल यूनिट और 25,697 वीवीपैट मशीनें उपलब्ध हैं। इन मशीनों के माध्यम से चुनाव संचालन की तैयारियां की जा रही हैं। चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग को करीब 1,08,400 कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसके मुकाबले राज्य सरकार, केंद्र सरकार और सार्वजनिक उपक्रमों को मिलाकर 1.90 लाख से अधिक कर्मचारी उपलब्ध हैं। वहीं मतदान दलों और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के आवागमन के लिए 3,319 बसों, 310 ट्रकों और 9,669 हल्के वाहनों की जरूरत के सापेक्ष पर्याप्त वाहनों की सूची भी तैयार कर ली गई है। पिछले महीने निर्वाचन आयोग की एक टीम उत्तराखंड का दौरा कर चुकी है। अब इसी महीने आयोग की एक और टीम प्रदेश पहुंचने वाली है। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के अनुसार, टीम के दौरे की तिथि अभी निर्धारित नहीं हुई है। दौरे के दौरान अधिकारी चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जमीनी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करेंगे। ईवीएम जागरूकता अभियान से लेकर कर्मचारियों और वाहनों की उपलब्धता तक निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। अब आगामी दिनों में आयोग की समीक्षा और जिलों में होने वाली तैयारियों पर नजर रहेगी।

