Jul 17, 2026

राहुल गांधी का देहरादून दौरा उत्तराखंड में युवा केंद्रित राजनीति को नई दिशा देने का संकेत

post-img

उत्तराखंड की राजनीतिक सरगर्मी आज चरम पर पहुंच गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंच चुके हैं। वे विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट उतरे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राहुल गांधी का यह दौरा राज्य में आगामी चुनावी शंखनाद और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की मुहिम के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। वे देहरादून के रेस कोर्स स्थित ऐतिहासिक बन्नू स्कूल ग्राउंड में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत हजारों छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। इसके साथ ही, वे मसूरी रोड स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में उत्तराखंड कांग्रेस के कोर ग्रुप और वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर महामंथन करेंगे।

कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता गरिमा सिंह दसौनी ने कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि राहुल गांधी जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सीधे मसूरी रोड स्थित होटल पहुंच रहे हैं। होटल में राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ करीब 1 घंटे की बंद कमरे में मैराथन बैठक करेंगे। इस बैठक में उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, जनसरोकारों के मुद्दे और आगामी चुनावों में जीत का रोडमैप तैयार किया जाएगा। साथ ही, संगठन को बूथ स्तर तक कैसे मजबूत और सक्रिय किया जाए, इस पर भी नेताओं को कड़े दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। देहरादून में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर केवल राजधानी ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के युवाओं में भी जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी समेत कई दूरस्थ जिलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र भारी संख्या में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय और बन्नू ग्राउंड पहुंचे हैं। पौड़ी से आए पूर्व छात्र नेता आस्कर रावत ने कहा, "देश और प्रदेश में जिस तरह से लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, उसने युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। राहुल गांधी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो निरंतर सड़क से लेकर संसद (सदन) तक हम छात्रों की आवाज पूरी मजबूती से बुलंद कर रहे हैं। आज कॉम्पिटेटिव एग्जाम की तैयारी कर रहा हर युवा उनके इस संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्साहित है। देहरादून पहुंचने से ठीक पहले राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस कार्यक्रम को लेकर एक पोस्ट भी साझा किया है। उन्होंने देश भर के युवाओं और छात्रों के संघर्षों को दिखाता हुआ एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और वे उनके हक की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ेंगे। शाम 5:00 बजे शुरू होने वाले इस संवाद कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों के सवालों का सीधा जवाब देंगे और केंद्र व राज्य सरकार की युवा विरोधी नीतियों पर जमकर प्रहार करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में एक नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद जताई जा रही है।