Jul 06, 2026

दिनेशपुर स्विमिंग पूल मौत पर रहस्य कायम

post-img

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक स्विमिंग पूल में नहाने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था, जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना के समय की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए स्विमिंग पूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कपिल पुत्र देवी शरण के रूप में हुई है। कपिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के पोस्ट एग्रीकल्चर स्कूल क्षेत्र के निवासी थे। वर्तमान में वह दिनेशपुर क्षेत्र के धर्मपुर में रहकर एक फाइबर कंपनी में कार्यरत थे। परिवार में वह तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चचेरे भाई ने पुलिस को बताया कि घटना रात करीब 8ः30 बजे की है। कपिल अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना कैसे हुई और मौत की वास्तविक वजह क्या रही, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्विमिंग पूल परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। घटना के समय मौजूद सभी युवकों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने आ सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय पूल में क्या परिस्थितियां थीं और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट
थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्ष जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।