Jul 01, 2026

मोबाइल विश्लेषण के बाद सुलझी हत्या की गुत्थी

post-img

नई दिल्ली। तेलंगाना के करीमनगर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने यूट्यूब पर हत्या करने और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े वीडियो देखकर अपने प्रतिद्वंद्वी की हत्या की साजिश रची। आरोपी ने पूरी योजना के तहत सुनसान स्थान पर घात लगाकर खेतिहर मजदूर पर लोहे की रॉड से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। करीमनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते यह मामला महज 24 घंटे के भीतर सुलझ गया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 52 वर्षीय पायतरी मोगिली के रूप में हुई है, जो पेशे से खेतिहर मजदूर था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिछले वर्ष मोगिली को एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद भी उसने संबंधित महिला को कथित रूप से परेशान करना जारी रखा। इसी दौरान उसे महिला और आरोपी बंगारपू महेश के बीच कथित अवैध संबंधों की जानकारी मिली, जिसे उसने आसपास के गांवों में फैलाना शुरू कर दिया। इस कारण दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि लगातार हो रहे अपमान और सामाजिक बदनामी से परेशान होकर 40 वर्षीय बंगारपू महेश ने मोगिली को रास्ते से हटाने का फैसला किया। हत्या की योजना बनाने से पहले उसने यूट्यूब पर कथित तौर पर हत्या करने के तरीके और हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े वीडियो देखे।

इसके बाद उसने पूरी वारदात की रणनीति तैयार की और सही मौके का इंतजार करने लगा। जांच में सामने आया कि शनिवार रात मोगिली गांव में आयोजित पीरीला उत्सव में शामिल होने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान महेश पहले से ही एक पुलिया के पास घात लगाकर बैठा हुआ था। जैसे ही मोगिली वहां पहुंचा, आरोपी ने पीछे से लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से मोगिली मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने तब तक हमला जारी रखा, जब तक उसे यह विश्वास नहीं हो गया कि उसकी मौत हो चुकी है। वारदात को अंजाम देने के बाद महेश अपने घर पहुंचा, खून से सने कपड़े बदले और वहां से फरार हो गया। अगले दिन घटना की सूचना मिलते ही करीमनगर पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान बंगारपू महेश ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड, मोबाइल फोन, बाइक और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में यूट्यूब की सर्च हिस्ट्री भी मिली है, जिसमें हत्या से संबंधित वीडियो देखे जाने के संकेत मिले हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।