देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सियासी चालें चलनी शुरू कर दी हैं। पार्टी ने इस बार उन तमाम क्षेत्रों को विशेष फोकस में रखा है, जहां पिछले चुनावों में उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई थी। इसी रणनीति के तहत कुंभनगरी हरिद्वार को केंद्र बिंदु बनाते हुए प्रदेश कार्यसमिति की बड़ी बैठक बुलाई गई है। आने वाले महीनों में केंद्रीय दिग्गजों के दौरों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों और विधानसभा स्तर के कार्यक्रमों के जरिए बीजेपी उत्तराखंड की राजनीति का पारा पूरी तरह गर्माने जा रही है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पार्टी का ध्यान अब प्रदेश के उन क्षेत्रों पर भी है, जहां पिछले चुनावों में उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। इसी रणनीति के तहत हरिद्वार में प्रदेश कार्य समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश प्रभारी राम माधव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य केंद्रीय नेताओं के प्रस्तावित दौरों को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में होगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, बैठक के पहले दिन पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की कार्य समिति आयोजित की जाएगी। दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्य समिति की बैठक होगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की गतिविधियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन भी मौजूद रहेंगे।हरिद्वार में बैठक आयोजित करने के फैसले को जिले के पिछले चुनावी प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी का मानना है कि संगठनात्मक स्तर पर इस क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ऐसे में कार्य समिति की बैठक के माध्यम से यहां संगठन की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने के साथ विधानसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं की भूमिका और जिम्मेदारियां तय की जाएं।इससे पहले 15 नवंबर को मसूरी में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें विधानसभा स्तर पर होने वाले त्रिदेव सम्मेलनों और अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इन आयोजनों के जरिए बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना है। भाजपा ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार से अगले 15 दिनों तक प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित करने का कार्यक्रम भी जारी किया है। वहीं, नवंबर के अंतिम सप्ताह से भाजपा का राजनीतिक अभियान और तेज होने की तैयारी है। प्रदेश संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व से करीब एक दर्जन वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम मांगे हैं। महेंद्र भट्ट ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर सहित कई नेताओं के कार्यक्रमों का अनुरोध किया गया है। नवंबर और दिसंबर में प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी नवंबर और दिसंबर में उत्तराखंड आने के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मैदानी क्षेत्रों के साथ पर्वतीय क्षेत्र में भी एक-दो जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं। हालांकि, इन कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा और तिथियों को लेकर अभी तैयारी चल रही है। भाजपा का आगामी कार्यक्रम संगठनात्मक बैठकों, विधानसभा स्तरीय सम्मेलनों और केंद्रीय नेताओं के दौरों पर केंद्रित रहेगा। नवंबर और दिसंबर के दौरान होने वाली इन गतिविधियों के जरिए पार्टी प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में काम करेगी।