Sep 23, 2026

कालकाजी दिल्ली में नाबालिग सुरक्षा से जुड़ा मामला, पुलिस ने तेज की जांच

post-img

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक और मामला सामने आया है। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपियों ने कथित तौर पर खुद को पुलिस कर्मी बताकर नाबालिग लड़की और उसके दोस्त को धमकाया और इसके बाद लड़की के साथ अपराध किया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना सोमवार, 21 सितंबर की शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की अपने एक दोस्त के साथ करीब शाम सात बजे कालकाजी मंदिर पहुंची थी। मंदिर में दर्शन के बाद दोनों करीब साढ़े सात बजे आस पास के आस्था कुंज पार्क की ओर गए। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए दोनों से पूछताछ करने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने दोनों को धमकाया और लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना सोमवार रात करीब 8ः45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और उसके बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिले और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।