बैंक ऑफ इंडिया का बड़ा आयोजनः रुद्रपुर में खेलकूद प्रतियोगिता के जरिए कर्मचारियों में उत्साह, ऊर्जा और टीम भावना का संचार

Blog
 Image

रुद्रपुर। बैंक ऑफ इंडिया के देहरादून अंचल ने अपनी शाखाओं के कर्मचारियों, अधिकारियों और परिवारजनों के बीच स्वास्थ्य, उत्साह और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रुद्रपुर सेंटर पर एक भव्य खेलकूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। यह आयोजन बैंक के ‘स्वस्थ कर्मचारी, समृद्ध राष्ट्र’ अभियान का हिस्सा था, जिसमें विभिन्न खेलों के माध्यम से शारीरिक फिटनेस और मानसिक तनाव मुक्ति पर जोर दिया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन बैंक ऑफ इंडिया देहरादून जोन के आंचलिक प्रबन्धक विवेक तिवारी ने किया। उन्होंने अपने स्वागत भाषण में कहा कि बैंक ऑफ इंडिया हमेशा अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आज के व्यस्त जीवन में खेलकूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत करता है, बल्कि टीम वर्क और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है। यह आयोजन हमारे जोन के सभी सदस्यों को एकजुट करने का माध्यम बना है। 

विविध खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के खेल मैदान में आयोजित इस स्पोर्ट्स मीट में देहरादून जोन की सभी शाखाओं से लगभग 50 से अधिक कर्मचारी, अधिकारी और उनके परिवारजन शामिल हुए। प्रतियोगिता में क्रिकेट, बैडमिंटन, चैस, कैरम और टेबल टेनिस जैसे विविध खेल आयोजित किए गए। महिलाओं के लिए विशेष रूप से कैरम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन इवेंट्स रखे गए, जबकि बच्चों के लिए रेस एवं डार्ट गेम का विशेष प्रावधान किया गया। समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए जोनल मानव संसाधन विभाग के अध्यक्ष हरि राम ने कहा कि यह स्पोर्ट्स मीट न केवल खेल का उत्सव था, बल्कि बैंक परिवार के बंधन को मजबूत करने वाला अवसर भी। हम प्रतिवर्ष ऐसे आयोजनों को जारी रखेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों का आभार जताया।

प्रतिभागियों ने किया कला का प्रदर्शन
विभिन्न ब्रांचों से आए प्रतिभागियों ने न केवल खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि कमेंट्री, अंपायरिंग एवं अन्य माध्यम से अपनी कला भी प्रदर्शित की। बैंक ऑफ इंडिया देहरादून जोन द्वारा आयोजित इस खेलकूद प्रतियोगिता ने साबित कर दिया कि बैंक न केवल वित्तीय सेवाओं में अग्रणी है, बल्कि कर्मचारी कल्याण में भी अव्वल है। भविष्य में ऐसे और बड़े आयोजन की उम्मीद है।