देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा-2026 का शनिवार को आधिकारिक और भव्य शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश पहुंचकर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं का स्वागत किया और चारधाम जाने वाली पहली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान 'जय बदरी-विशाल' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरा ऋषिकेश गुंजायमान हो उठा।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा मात्र एक भ्रमण नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का पवित्र मार्ग है। उन्होंने कहा, "यह यात्रा हमें हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है। हमारी सरकार का संकल्प है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो।" मुख्यमंत्री ने स्वयं निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और यात्रियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष की यात्रा के लिए एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि इस वर्ष 'ग्रीन चारधाम यात्रा' और 'प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ' का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा मार्ग और धामों की पवित्रता बनाए रखने के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। सीएम ने कहा, "उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इसकी दिव्यता बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रा को सुगम बनाने के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उल्लेख किया, जिससे अब उत्तराखंड पहुंचना बेहद तेज और आसान हो गया है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ और बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य अंतिम चरणों में हैं, साथ ही गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि यात्रियों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। केदारनाथ धाम में आधुनिक अस्पताल बनकर तैयार हो गया है, जबकि बदरीनाथ धाम में बन रहा 50 बेड का हाईटेक अस्पताल आगामी जून तक श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर श्रद्धालु देवभूमि से स्वर्णिम स्मृतियां लेकर वापस लौटेगा। इस अवसर पर प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारी संख्या में तीर्थयात्री और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

