देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज अपने चार साल पूरे कर लिए। इस मौके को यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से ‘उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल’ नाम से तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। मंगलवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 401.86 करोड़ रुपये की कुल 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम से पहले सीएम धामी ने देहरादून में रोड शो निकाला, जिसमें कृषि मंत्री गणेश जोशी उनके साथ खुली जिप्सी में सवार होकर जनता का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में अनेक मंत्रियों, विधायकों, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक और स्कूली बच्चे मौजूद रहे। बच्चों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं पर आधारित टेम्प्लेट्स प्रदर्शित किए। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरण की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि श्रद्धेय अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड का निर्माण हुआ था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में देवभूमि विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। उन्होंने गत चार वर्षों में सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों का जिक्र करते हुए कहा, “हम इकोनॉमी और इकोलॉजी के संतुलन को साधते हुए उत्तराखंड को एक आदर्श राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत सपेरा बस्ती में 7,898.74 लाख रुपये की लागत से आईएंडडी एवं 15 एमएलडी एसटीपी निर्माण, आराघर चौक से मोधरोवाला तक 2,846 लाख रुपये की ट्रक सीवर लाइन, सहारनपुर चौक से पथरीबाग चौक तक 1,903.59 लाख रुपये की ट्रक सीवर लाइन और इंदिरानगर आवास विकास कॉलोनी में 1,860.04 लाख रुपये की जल निकासी पुनर्गठन योजना शामिल हैं। इसके अलावा साकेत कॉलोनी और कैनाल रोड क्षेत्र की 905.20 लाख रुपये की सीवरेज योजना, मसूरी विधानसभा क्षेत्र में बांदल नदी पर दो बाढ़ सुरक्षा योजनाएं (385.78 लाख और 288.75 लाख), डोईवाला में सुसवा नदी और जाखन नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य (497 लाख और 256.68 लाख रुपये) भी शामिल हैं। जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ थीम पर पूरे राज्य में 23 से 25 मार्च तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका लाइव प्रसारण भी किया जा रहा है। रुद्रप्रयाग में अगस्त्यमुनि के बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की। यहां प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, गोट वैली योजना और आईटीबीपी के साथ सीधा अनुबंध जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून से 30 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है, जबकि गोट वैली योजना से 4,500 से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन ₹3,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रतिमाह करने और स्वास्थ्य क्षेत्र में किच्छा में 100 एकड़ पर एम्स सेटेलाइट सेंटर के निर्माण जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया गया। देहरादून में कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। परेड ग्राउंड को जीरो जोन बनाया गया और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात पुलिस ने शहर के कई रूटों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया। सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विकास योजनाओं, जनसेवा शिविरों और लाभार्थी सम्मान कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

