जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलामुख्यालय रुद्रपुर में नैनीताल हाइवे पर अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। उसे उपचार को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक यूपी के रामपुर केमरी हाल शांति कालोनी निवासी 22 वर्षीय प्रेम चंद्रा सोमवार की रात साइकिल से कंपनी में डयूटी जा रहा था। जब वह नैनीताल हाइवे पीएसी के पास पहुंचा। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भिजवाया। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई को तहरीर नहीं मिली है।