एक विधवा महिला ने एसएसपी को लिखे शिकायती पत्र में एक दरोगा पर लालच देकर उसका शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। शिकायती पत्र में पीड़िता ने कहा है कि वह एक फौजी की विधवा है तथा अनुसूचित जाति की महिला है। पति की वर्ष 2005 में हार्ट अटैक से मृत्यु हो चुकी है। उसके तीन बच्चे है, जिनका मुश्किल से लालन-पालन किया है। उसके घर के सामने दरोगा का मकान है। वर्ष 2020 में जब वह आर्थिक रूप से परेशान थी तब दरोगा ने उसेे बहलाया-फुसलाया और कहा कि उसका पत्नी से मेरा तलाक हो गया है और तुम भी परेशान हो वह अपना मकान तुम्हे दे देगा और हर महीने पूरे घर का खर्चा करेगा। पीड़िता का कहना है कि वह लालच में आ गयी और उसके साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगी। 16 फरवरी 2022 को आरोपी दरोगा के दो पुत्र तथा पत्नी आयी और आते ही उससे व उसके बच्चों के साथ मार पीट शुरू कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षी ने कोतवाली में तहरीर दी और दोनों पक्षों पर कार्यवाही हुई। तब आरोपी दरोगा व उसके परिवार ने न्यायालय के समक्ष यह माना था कि मकान उसे ही दिया जायेगा, रिलेशनशिप बना रहेगा तथा खर्चा भी दिया जायेगा। तब से अब तक दरोगा उसका शोषण करता आ रहा है। एक होटल में दरोगा का कमरा है जहाँ हम दोनों रहते है। पीड़िता का आरोप है 15 जून 2023 से उसने दरोगा के साथ रहने से मना कर दिया क्योंकि उसने उसेे तय किया गया मकान नहीं दिया तथा उसके लडके आये दिन उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देते रहते है। आरोप है 23 जून 2023 को किरायेदार ने उसकी बहु को उसके पार्लर में जाकर गाली गलोच कर परेशान किया। पीड़िता ने आरोपी दरोगा को कॉल करके सारी जानकारी दी। जिससे बौखलाकर दरोगा ने अपने मकान में रहने वाले किरायेदार तथा अन्य लोगों से उसके घर में घुसकर उसके पुत्रों से मारपीट कराई। जब 112 पर पुलिस को सूचना दी तो दरोगा ने थाने से सिपाही भेजकर उसके पुत्रों को थाने बुलवाया और बंद करा दिया। जब उसने कोतवाल को पूरी बात बतायी तो उन्होंने रात्रि डयूटी में तैनात उप निरीक्षक को भेजा जिसने उसकी बात नहीं सुनी। आरोपी दरोगा व अन्य पुलिस कर्मियों ने पूरी रात उसके पुत्रों को बुरी तरह पीटा। सुबह कोतवाल ने आकर उसकी बात सुनी और उसके पुत्रों का चालान कर छोड़ा तब उसे पता चला कि दरोगा छुटटी पर था। तब से अब तक दरोगा लगातार उसे व उसके पुत्रों को फोन पर अन्य मुकदमें में फसाने व जान से मारने की धमकी दे रहा है। जिसमें वह व उसके पुत्र अत्यन्त डरे हुए है और आत्म हत्या करने को मजबूर हो रहे है। पीड़िता ने एसएसपी से मामले में कार्रवाई कर उसकी व उसके परिवार की जानमाल की सुरक्षा करने की गुहार लगाई है।
Manpreet Singh
संपादक