govt-ads

राष्ट्रीय सुरक्षा पर मंडराता बड़ा खतरा टला, गुजरात एटीएस ने हथियारबंद आतंकी गुर्गे को दबोचा

Blog
 Image

अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। वडोदरा के जरोद बस स्टैंड के पास से पकड़े गए इस संदिग्ध की पहचान असम के करीमगंज निवासी मोहम्मद सहरुल इस्लाम के रूप में हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी वडोदरा स्थित भारतीय वायु सेना (एयरफोर्स) स्टेशन पर अकेले ही बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में था। गुजरात एटीएस के उप महानिरीक्षक (DIG) सुनील जोशी ने शुक्रवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि एटीएस को अवैध हथियारों की तस्करी और एक संदिग्ध गतिविधि के बारे में पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर एटीएस की टीम ने गुरुवार रात करीब 9:00 बजे वडोदरा के जरोद बस स्टैंड के आसपास गुप्त निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध मोहम्मद सहरुल इस्लाम एक सरकारी बस से वहां पहुंचा। जैसे ही वह बस से नीचे उतरा, पहले से मुस्तैद एटीएस के जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अत्याधुनिक एके-47 राइफल और कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सीधे तौर पर पाकिस्तान में बैठे अपने एक आतंकी हैंडलर के संपर्क में था और उसी के निर्देशों पर काम कर रहा था। हमले की साजिश को अंजाम देने से पहले उसने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की बाकायदा रेकी की थी और अपने मोबाइल फोन से संवेदनशील इलाकों की तस्वीरें भी खींची थीं। उसकी योजना एयरफोर्स स्टेशन पर लोन वुल्फ (अकेले) हमला करने और इसके बाद पाकिस्तान भाग जाने की थी। फिलहाल, गुजरात एटीएस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं। एजेंसियां इस बात की तह तक जाने में जुटी हैं कि उसके पास एके-47 जैसे घातक हथियार कहां से पहुंचे और क्या गुजरात या देश के किसी अन्य हिस्से में इस नेटवर्क के स्थानीय मददगार भी सक्रिय हैं। एटीएस की इस सतर्कता से एक बड़े हादसे को टाल दिया गया है।