Recent Posts

सरकार की सफाई के बाद खत्म हुआ लॉकडाउन का डर

Blog
 Image

नई दिल्ली। एक तरफ जहां मिडिल ईस्ट तनाव का असर पूरी दुनिया में दिख रहा है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें टेंशन बढ़ा रही है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक बड़ी अफवाह फैल गई कि सरकार कोरोना जैसा देशव्यापी लॉकडाउन लगाने वाली है। इन अफवाहों से लोगों में डर और बेचैनी बढ़ गयी। अब केंद्र सरकार ने इन सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने शुक्रवार को साफ कहा कि लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह झूठी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार ऐसा कोई कदम उठाने पर विचार भी नहीं कर रही। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस मुश्किल वक्त में शांत रहें, ज़िम्मेदारी दिखाएं और एकजुट रहें। वहीं संसद भवन में मीडिया से बात करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं और लोगों को इन पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने हाल ही में एक्साइज ड्यूटी घटाई है ताकि आम जनता पर बढ़ते दाम का बोझ कम किया जा सके। रिजिजू ने कहा कि संसद में सांसद इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहेंगे। सरकार की तरफ से यह भी कहा गया है कि हालात पूरी तरह काबू में हैं और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और जरूरत से ज़्यादा पेट्रोल या गैस जमा करने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे असली किल्लत और बढ़ जाती है। फिलहाल सरकार की नजर पूरी स्थिति पर है और ऊर्जा आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने की हर संभव कोशिश की जा रही है।