Aug 01, 2026

दो दिन के कड़े संघर्ष के बाद मिला मीठा फल, तेजस्विन शंकर ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

post-img

देहरादून। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार एथलीट तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों की डेकाथलॉन स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। 

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि तेजस्विन शंकर ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और अदम्य आत्मविश्वास के बल पर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि तेजस्विन भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ भारत के तिरंगे को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे।डेकाथलॉन एथलेटिक्स की सबसे चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें खिलाड़ियों को दो दिनों के दौरान 10 अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता साबित करनी होती है। ऐसे कठिन मुकाबले में पदक जीतना भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। तेजस्विन के कांस्य पदक ने न केवल भारत के पदकों की संख्या बढ़ाई, बल्कि देश के युवा खिलाड़ियों के लिए भी नई प्रेरणा का संदेश दिया है। खेल जगत में उनकी इस उपलब्धि की व्यापक सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों की सफलता से देश के युवाओं का मनोबल बढ़ता है और भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लक्ष्य को भी नई मजबूती मिलती है। तेजस्विन की ऐतिहासिक जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक मंच पर किसी से कम नहीं हैं।