सीएम धामी ने ‘प्रयास बेहतर कल के लिए’ स्मारिका का किया विमोचन, अनुशासन और खेल संस्कृति पर दिया जोर

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय परिसर में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसी पहलें न केवल कर्मचारियों को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं, बल्कि एक सकारात्मक और ऊर्जावान कार्य संस्कृति के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल मानव जीवन का अभिन्न अंग हैं और यह व्यक्ति के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण स्वतः विकसित होते हैं, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अनुशासन को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अनुशासित जीवनशैली बेहद जरूरी है। सीएम धामी ने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने व्यस्त दिनचर्या के बावजूद नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें। उन्होंने कहा कि शारीरिक सक्रियता न केवल शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करती है। इससे कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में भी सकारात्मक सुधार आता है, जो अंततः शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाता है।