उत्तराखंड बोर्ड सचिव का आश्वासन, सभी छात्रों का डेटा सुरक्षित और परिणाम 27 अप्रैल से पहले संभव

Blog
 Image

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में शामिल हुए 2.15 लाख से अधिक परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। परिषद के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने संकेत दिए हैं कि परीक्षा परिणाम 24 से 27 अप्रैल के बीच किसी भी दिन घोषित किए जा सकते हैं। बोर्ड मुख्यालय में तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है और जल्द ही 'परिणाम समिति' की बैठक में अंतिम तारीख पर मुहर लग जाएगी।

बोर्ड सचिव के अनुसार, प्रदेशभर में कॉपियों के मूल्यांकन का कार्य 10 अप्रैल तक सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था। सभी केंद्रों से कॉपियां और अंक परिषद के रामनगर स्थित मुख्यालय पहुंच चुके हैं। वर्तमान में परिषद के कर्मचारी डेटा पंचिंग और अंकों की गहन जांच (क्रॉस-चेकिंग) के काम में जुटे हैं। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही परिणाम घोषित करने की आधिकारिक तिथि सार्वजनिक कर दी जाएगी। साल 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में कई बदलाव देखने को मिले। इस बार पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हुई। आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल (10वीं) में 1,12,266 और इंटरमीडिएट (12वीं) में 1,02,986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। प्रदेशभर में बनाए गए 1,261 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षाएं संपन्न हुईं। टिहरी गढ़वाल में सर्वाधिक 136, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने एक नई पहल की है। अब छात्रों को केवल साइबर कैफे या आधिकारिक वेबसाइट के भरोसे नहीं रहना होगा। परिषद ने सभी स्कूलों को अलग पोर्टल और पासवर्ड आवंटित करने का निर्णय लिया है। इससे छात्र अपने विद्यालय में ही जाकर शिक्षकों की मदद से आसानी से अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त, परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेंगे। उत्तराखंड बोर्ड ने इस बार समयबद्ध तरीके से परीक्षाओं और मूल्यांकन का कार्य पूरा किया है, जिससे अप्रैल के अंत तक रिजल्ट आने का रास्ता साफ हो गया है। अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।